संविधान के मूल्यों को अपनाकर युवा निभाएं राष्ट्र निर्माण में भूमिका : डॉ. कविता पाटीदार

संविधान के मूल्यों को अपनाकर युवा निभाएं राष्ट्र निर्माण में भूमिका : डॉ. कविता पाटीदार

संविधान के मूल्यों को अपनाकर युवा निभाएं राष्ट्र निर्माण में भूमिका : डॉ. कविता पाटीदार
अधिकारों के साथ कर्तव्यों का बोध भी कराता है संविधान
इंदौर। मालवांचल यूनिवर्सिटी एवं इंडेक्स समूह संस्थान द्वारा संविधान दिवस पर संगोष्ठी आयोजित की गई। मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद एवं भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री डॉ. कविता पाटीदार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की मजबूत आधारशिला है। यह नागरिकों को अधिकारों के साथ उनके कर्तव्यों का भी बोध कराता है। युवाओं को संविधान के आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता का उपयोग समाज और राष्ट्रहित में होना चाहिए। विकसित भारत एवं विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए सभी को संवैधानिक मूल्यों का पालन करने का संकल्प लेना चाहिए।
मुख्य वक्ता न्यायाधीश डॉ. अनिल पारे ने संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों एवं न्याय व्यवस्था की जानकारी देते हुए कहा कि संविधान केवल कानूनों का संग्रह नहीं, बल्कि नागरिकों को सही दिशा देने वाला महत्वपूर्ण दस्तावेज है। अभिभाषक संघ इंदौर के सचिव धर्मेंद्र गुर्जर एवं भाजपा नगर उपाध्यक्ष डॉ. दीप्ति सिंह हाड़ा ने भी विद्यार्थियों को संवैधानिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मयंक वेलफेयर फाउंडेशन के चेयरमैन सुरेश सिंह भदौरिया ने डॉ. कविता पाटीदार का सम्मान किया। इस अवसर पर कुलगुरु डॉ. संजीव नारंग, डायरेक्टर आर.एस. राणावत, डॉ. एस.के. निराला, प्राचार्या डॉ. रेशमा खुराना सहित संस्थान के अधिकारी, प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में डॉ. रेशमा खुराना ने आभार माना।