बाणेश्वरी कावड़ यात्रा के लिए हजारों श्रद्धालु आज महेश्वर प्रस्थित होंगे
इंदौर। मालवांचल की सबसे बड़ी ‘बाणेश्वरी कावड़ यात्रा’ के लिए करीब 5 हजार श्रद्धालु रविवार, 13 जुलाई को दोपहर 1 बजे मरीमाता चौराहे से महेश्वर के लिए बसों एवं अन्य वाहनों से प्रस्थित होंगे। इस अवसर पर सिद्ध विजय गणेश मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद पौधरोपण भी होगा।
यात्रा संयोजक विधायक गोलू शुक्ला एवं यात्रा प्रभारी दीपेन्द्रसिंह सोलंकी ने बताया कि शहर के सभी प्रमुख राजनेता, विधायक, जनप्रतिनिधि एवं धार्मिक-सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी इस यात्रा को बिदाई देंगे। यात्रा के साथ चार आकर्षक झांकियां, भजन मंडलियां एवं अन्य अनेक आकर्षण रहेंगे। कावड़ यात्रा सावन के पहले सोमवार, 14 जुलाई को सुबह 6 बजे महेश्वर में मां नर्मदा के दुग्धाभिषेक एवं मां नर्मदा को चुनरी समर्पण तथा देवी अहिल्या की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ उज्जैन महाकालेश्वर के लिए प्रारंभ होगी तथा सोमवार शाम को गुजरी पहुंचकर रात्रि विश्राम करेगी।



