केट चौराहा स्थित आनंद फार्म सोसायटी में 150 पौधों का वृक्षारोपण
*केट चौराहा स्थित आनंद फार्म सोसायटी में 150 पौधों का वृक्षारोपण*
*इंदौर। वार्ड क्रमांक 79 के केट चौराहा स्थित आनंद फार्म सोसायटी द्वारा रविवार को पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से वृहद वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। अभियान के तहत सोसायटी परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में लगभग 150 पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में सोसायटी के सदस्य, महिलाएं, युवा एवं वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे और सभी ने पौधों की देखभाल का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम क्षेत्रीय पार्षद श्री संजय वर्मा, वार्ड अध्यक्ष श्री मनोहर व्यास एवं विधायक श्री मधु वर्मा के सान्निध्य एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
सोसायटी के अध्यक्ष अनुज उपाध्याय ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए आनंद फार्म सोसायटी द्वारा यह विशेष वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 150 पौधे लगाए गए। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधों का संरक्षण और नियमित रखरखाव भी किया जाए। इसी उद्देश्य से सभी सदस्यों ने पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी भी ली है।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने हर वर्ष अधिक से अधिक पौधे लगाने और क्षेत्र को हराभरा बनाने का संकल्प लिया। आनंद फार्म सोसायटी की इस पहल की क्षेत्रवासियों ने सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक प्रयास बताया।


