श्री श्रीविद्याधाम पर 1 जून से आचार्य पं. राहुल कृष्ण शास्त्री करेंगे राम कथामृत 

श्री श्रीविद्याधाम पर 1 जून से आचार्य पं. राहुल कृष्ण शास्त्री करेंगे राम कथामृत 

आद्य गौड़ ब्राह्मण सेवा न्यास, इंदौर,

आद्य गौड़ ब्राह्मण सेवा न्यास के मातृशक्ति प्रकोष्ठ द्वारा 

श्रीराम कथा का पहला न्योता गणपति परिवार को

श्री श्रीविद्याधाम पर 1 जून से आचार्य पं. राहुल कृष्ण शास्त्री करेंगे राम कथामृत 

की वर्षा, 3 जून को 61 मातृशक्ति के चतुर्थी व्रत का सामूहिक उद्यापन भी   

इंदौर। आद्य गौड़ ब्राह्मण सेवा न्यास के मातृशक्ति प्रकोष्ठ के तत्वावधान में आगामी 1 जून से विमानतल मार्ग स्थित श्री श्रीविद्याधाम पर आचार्य पं. राहुल कृष्ण शास्त्री के श्रीमुख से होने वाली श्रीराम कथा का पहला न्योता गुरुवार को विद्याधाम मंदिर स्थित गणपति परिवार, माँ पराम्बा एवं हनुमानजी को समर्पित किया गया। मातृशक्ति प्रकोष्ठ की मेजबानी में विद्याधाम परिसर में श्रीराम कथा का दिव्य आयोजन 7 जून तक चलेगा। इस दौरान बुधवार 3 जून को पुरुषोत्तम मास की चतुर्थी का व्रत करने वाली 61 माताओं के व्रत का सामूहिक उद्यापन भी होगा।

              इस सम्पूर्ण अनुष्ठान की मुख्य यजमान श्रीमती पुष्पा-अशोक शर्मा, यजमान और प्रकोष्ठ पदाधिकारी सरस्वती शर्मा, साधना शर्मा, भारती शर्मा, पिंकी शर्मा, शशि शर्मा, कीर्ति जोशी, स्वाति शर्मा, जया शर्मा, हेमा शर्मा, प्रीति शर्मा, रंजना शर्मा, पूनम शर्मा, पूर्णिमा शर्मा एवं भारती शर्मा ने गणपति पूजन में शामिल होकर सभी देवी-देवताओं से श्रीराम कथा में पधारने की प्रार्थना की। न्यास के पं. दिनेश शर्मा, राजकिशोर शर्मा, डॉ. लोकेश जोशी, महेश शर्मा, अजय व्यास, विनय शर्मा, गौरव शर्मा, सत्यनारायण शर्मा, उपेन्द्र शर्मा एवं अतुल शर्मा भी इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि विद्याधाम मंदिर पर गणपति परिवार का अनूठा मंदिर स्थापित है जहाँ गणेशजी की पांचों पत्नियाँ रिद्धि, सिद्धि, तुष्टि, पुष्टि और श्री, दो पुत्र शुभ और लाभ और दो पोतों अमोद और प्रमोद सहित विराजमान हैं। यह शहर का एकमात्र ऐसा गणेश मंदिर है जहाँ गणपति बप्पा अपने पूरे परिवार सहित विराजमान हैं। 

              मातृशक्ति प्रकोष्ठ की भारती शर्मा एवं पिंकी शर्मा ने बताया कि श्रीराम कथा का आयोजन 1 से 7 जून तक पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में किया जा रहा है जिसमें नेपाल सहित देश के चारों धाम पर भागवत कथा का दिव्य अनुष्ठान कर चुके आचार्य पं. राहुल कृष्ण शास्त्री अपने मुखारबिंद से श्रीराम कथा की अमृत वर्षा करेंगे। इसी तरह मातृशक्ति प्रकोष्ठ द्वारा विद्याधाम परिसर में ही 3 जून को गणेश चतुर्थी उद्यापन का आयोजन भी होगा जिसमें 61 व्रतधारी महिलाएं शामिल होंगी जिनके लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।