एक वृक्ष, अनेक लाभ: अभ्यास मंडल ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
*एक वृक्ष, अनेक लाभ: अभ्यास मंडल ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश*...
इंदौर। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में अभ्यास मंडल परिवार द्वारा आर.पी.एल. माहेश्वरी कॉलेज परिसर में नीम वृक्षारोपण एवं पर्यावरण जनजागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। डॉ. मालासिंह ठाकुर ने अभ्यास मंडल का परिचय देते हुए संस्था द्वारा शिक्षा, समाजसेवा एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि प्रकृति के साथ संतुलित जीवन ही मानवता के सुरक्षित भविष्य का आधार है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से अपने जीवन में कम से कम एक वृक्ष लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय प्रबंधन के श्री रामअवतार जाजू, डॉ. वीणा सोनी तथा अभ्यास मंडल के अध्यक्ष श्री रामेश्वर गुप्ता ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने पर्यावरणीय चुनौतियों पर चिंता व्यक्त करते हुए जल, जंगल और जमीन के संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया।
कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण की शपथ डॉ. स्वप्निल व्यास ने दिलवाई। कार्यक्रम के प्रारंभ में डॉ. जयकिशन साहू ने स्वागत भाषण देते हुए उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया। नीम वृक्षों के औषधीय, पर्यावरणीय एवं सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्री किशनलाल सोमानी ने कहा कि नीम भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण वृक्ष है, जो वायु शुद्धिकरण के साथ-साथ मानव स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत उपयोगी है। कार्यक्रम के दौरान परिसर में नीम के पौधों का रोपण किया गया तथा सभी उपस्थितजनों ने वृक्षों के संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. चेतन जोशी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन डॉ. विकास जोशी ने माना। कार्यक्रम के संयोजक श्री एन.के. उपाध्याय थे। इस अवसर पर सी.बी. सिंह, लव शारदा, देवेंद्र बाहेती, हरेराम वाजपेयी, नूर मोह कुरैशी,वैशाली खरे, मुरली खंडेलवाल, शफी शेख, यश जायसवाल, सुनील व्यास,, प्रणीता दीक्षित, सुनील कुमार चौधरी,शरद सोमपुरकर सहित बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य नागरिक, पर्यावरण प्रेमी एवं महाविद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।


