अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने किया सामूहिक योगाभ्यास
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने किया सामूहिक योगाभ्यास
"स्वस्थ पुलिस, सुरक्षित समाज" के संकल्प के साथ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने किया योग*
इंदौर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा आज डीआरपी लाइन इंदौर में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) श्री आर.के. सिंह, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) श्री मयंक अवस्थी, नगरीय इंदौर के समस्त पुलिस उपायुक्तगण सहित बड़ी संख्या में राजपत्रित अधिकारी, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कोलकाता (पश्चिम बंगाल) में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम के लाइव प्रसारण के साथ मे सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान क्रियाओं का अभ्यास कर योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने तथा शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहने का संकल्प लिया।
पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का माध्यम है। पुलिस जैसी चुनौतीपूर्ण एवं तनावपूर्ण सेवाओं में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए योग अत्यंत लाभकारी है, जो उन्हें शारीरिक रूप से सुदृढ़, मानसिक रूप से संतुलित एवं कार्यक्षमता में वृद्धि करने में सहायक सिद्ध होता है।
कार्यक्रम के माध्यम से इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने स्वस्थ जीवनशैली, मानसिक स्वास्थ्य एवं सकारात्मक कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने का संदेश देते हुए सभी नागरिकों से भी नियमित योग अपनाने का आह्वान किया।


