सीआईआई मध्यप्रदेश ने सफलतापूर्वक आयोजित किया एनवायरनमेंट, हेल्थ एंड सेफ्टी (EHS) कॉन्फ्रेंस एवं एक्सपो 2026
सीआईआई मध्यप्रदेश ने सफलतापूर्वक आयोजित किया एनवायरनमेंट, हेल्थ एंड सेफ्टी (EHS) कॉन्फ्रेंस एवं एक्सपो 2026
इंदौर, : भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) मध्यप्रदेश द्वारा ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर, इंदौर में एनवायरनमेंट, हेल्थ एंड सेफ्टी (EHS) कॉन्फ्रेंस एवं एक्सपो 2026 का सफल आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न विनिर्माण उद्योगों, शासकीय विभागों एवं ईएचएस विशेषज्ञों सहित 100 से अधिक प्रतिनिधियों ने सहभागिता कर औद्योगिक सुरक्षा, पर्यावरणीय सततता एवं नियामकीय अनुपालन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए संदीप जी. आर., आईएएस, श्रम आयुक्त, मध्यप्रदेश शासन ने कहा कि कार्यस्थल पर सुरक्षा केवल नियमों के पालन तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि यह प्रत्येक उद्योग की कार्य संस्कृति का अभिन्न हिस्सा बननी चाहिए। उन्होंने उद्योगों में स्व-नियमन (Self-Regulation), नियमित प्रशिक्षण, कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी तथा उच्च जोखिम वाले कार्यों में ऑटोमेशन को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने श्रमिकों के समय पर वेतन भुगतान, उचित यूनिफॉर्म एवं बेहतर परिवहन एवं आवास जैसी कर्मचारी कल्याण संबंधी व्यवस्थाओं को भी सुरक्षित कार्यस्थल के लिए आवश्यक बताया। साथ ही, उन्होंने सीआईआई के सहयोग से उद्योगों के लिए संयुक्त सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम विकसित करने की बात कही।
सम्मेलन में औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य संचालनालय, अग्निशमन विभाग, केंद्रीय भूजल प्राधिकरण, मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, एमएसएमई-डीआई तथा विभिन्न अग्रणी उद्योगों के विशेषज्ञों ने औद्योगिक सुरक्षा, पर्यावरणीय अनुपालन, अग्नि सुरक्षा, जल प्रबंधन, सेफ्टी लीडरशिप, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित ईएचएस समाधान, ज़ेडईडी (ZED) प्रमाणन तथा उद्योगों की सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों पर अपने विचार साझा किए।
सम्मेलन का प्रमुख आकर्षण अपोलो हॉस्पिटल्स द्वारा आयोजित इमरजेंसी रिस्पॉन्स डेमोंस्ट्रेशन एवं फर्स्ट एड प्रिपेयर्डनेस सत्र रहा, जिसमें प्रतिभागियों को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया एवं जीवन रक्षक प्राथमिक उपचार का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। सम्मेलन के साथ आयोजित EHS एक्सपो में सुरक्षा उपकरणों, पीपीई तथा आधुनिक ईएचएस तकनीकों का प्रदर्शन किया गया।


