विवाह वर्षगांठ के 50 वर्ष पूर्ण करने वाले समाज के वरिष्ठ दंपत्तियों का सम्मान समारोह संपन्न

विवाह वर्षगांठ के 50 वर्ष पूर्ण करने वाले समाज के वरिष्ठ दंपत्तियों का सम्मान समारोह संपन्न
श्री गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज का अनूठा आयोजन

विवाह वर्षगांठ के 50 वर्ष पूर्ण करने वाले समाज के वरिष्ठ दंपत्तियों का सम्मान समारोह संपन्न

14 जोड़ों की बैंड-बाजे के साथ शोभायात्रा निकालकर किया अभिनंदन

इंदौर। करीब 13 वर्ष पूर्व समाजोत्थान न्यास द्वारा स्व. श्री आर.सी. शर्मा व स्व. वैद्य श्री चंडीप्रसाद त्रिवेदी के विचार से शुरू हुआ समाज के वरिष्ठजनों का सम्मान समारोह गुरुवार को आंवला नवमी पर सुदामा नगर स्थित गौतमाश्रम में आयोजित किया गया। इस समारोह में उन समाज के उन वरिष्ठ दंपत्तियों का सम्मान किया गया जिन्होंने अपने विवाह के सफलतापूर्वक 50 वर्ष पूर्ण कर चुके हैं। इस अनूठे आयोजन में मुख्य अतिथि अंतराष्ट्रीय ब्राह्मण महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री नारायण व्यास तथा विशिष्ट अतिथि नगर सभा इंदौर के अध्यक्ष वीरेंद्र व्यास द्वारा समाज के कई वरिष्ठजनों की मौजूदगी में 14 जोड़ों को अभिनंदन पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समाजोत्थान न्यास के अध्यक्ष श्री लक्ष्मीकांत व्यास ने बताया कि श्री गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज के वरिष्ठ समाजसेवी स्व. श्री आर.सी. शर्मा व स्व. वैद्य श्री चंडीप्रसाद त्रिवेदी ने इस आयोजन को अखिल भारतीय समाजोत्थान न्यास के अंतर्गत करने का फैसला किया था। इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के उन वरिष्ठ दंपत्तियों के चेहरे पर फिर से प्रसन्नता लाना था, जो 50 वर्ष पूर्व आई थी। इसी क्रम में उनके विवाह को पुन: यादगार बनाने के लिए उन्हें दूल्हा-दुल्हन के रूप में श्रृंगारित किया गया। पुरुषों को साफे व महिलाओं को मुकुट पहनाकर उनका पूजन कर एक-दूसरे से वरमाला पहनवाकर ट्रस्ट द्वारा अभिनंदन पत्र देकर सम्मानित किया। इसके पश्चात सभी जोड़ों को उनके परिजनों व समाजजनों की उपस्थिति में बग्घी में बैठाकर बैंड-बाजों के साथ शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का का रास्ते भर विभिन्न मंचों से फूल बरसाकर स्वागत-सत्कार  किया गया, जो सुदामा नगर स्थित गौतमाश्रम पहुंची। यहां सभी जोड़ों सहित कार्यक्रम में शामिल समाजजनों का सहभोज हुआ।
आयोजन समिति के शैलेंद्र शर्मा ने बताया कि बताया कि इस कार्यक्रम में श्री गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज के अखिल भारतीय समाजोत्थान न्यास के अतिरिक्त गौतमाश्रम सुदामा नगर, नगर सभा, गौतम आश्रम एयरपोर्ट रोड, सांस्कृतिक संगठन सहित समाज के सभी संगठनों का सहयोग रहा। आयोजन के लिए श्री एन.के. उपाध्याय, श्री विनोद त्रिपाठी, श्री शैलेन्द्र शर्मा, श्री मनोहर उपाध्याय, श्री अरुण आचार्य, श्री आर.सी. व्यास, श्री भूपेन्द्र पुराणिक, श्री महेश उपाध्याय आदि समाजजनों द्वारा  इस अनूठे आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई थी।