अग्रसेन प्रतिमा स्थल के निकट भव्य प्रवेश द्वार का शुभारंभ होते ही महाराजा अग्रसेन के जयघोष से गूंज उठा चौराहा
,
अग्रसेन प्रतिमा स्थल के निकट भव्य प्रवेश द्वार का शुभारंभ
होते ही महाराजा अग्रसेन के जयघोष से गूंज उठा चौराहा
रिमोट का बटन दबाकर हुआ शुभारंभ,
द्वार पर लगे रंगीन प्रकाश पुंजों और आतिशबाजी के बीच हुआ लोकार्पण
इंदौर। नवलखा स्थित अग्रसेन प्रतिमा स्थल के निकट अग्रसेन यूथ क्लब द्वारा बालाजी सेवार्थ विनोद अग्रवाल फाउंडेशन एवं समाज के अन्य सहयोगी बंधुओं के सहयोग से बनवाए गए भव्य प्रवेश द्वार का लोकार्पण गुरुवार शाम को जैसे ही समाजसेवी एवं उद्योगपति विनोद अग्रवाल ने रिमोट का बटन दबाकर किया, समूचा प्रवेश द्वार एवं प्रतिमा स्थल महाराजा अग्रसेन के जयघोष से गूंज उठा। सांसद शंकर लालवानी, विधायक गोलू शुक्ला, पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय, भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, क्षेत्र के पार्षद मृदुल अग्रवाल, पार्षद मुद्रा शास्त्री सहित अनेक विशिष्ट मेहमान भी इस अवसर पर उपस्थित थे जिन्होंने प्रवेश द्वार को शहर की सुन्दरता बढाने वाला और शहर के विकास में अग्रवाल समाज की भागीदारी की खुलेमन से सराहना की। रात्रि में शुभारंभ प्रसंग पर प्रवेश द्वार पर लगाए गए 145 रंगबिरंगे विद्युत पुंज जैसे ही रोशन हुए, पूरा चौराहा रोशनी से नहा उठा।
प्रारंभ में यूथ क्लब के अध्यक्ष प्रतीक गुप्ता ने स्वागत उद्बोधन दिया। प्रवेश द्वार निर्माण समिति की ओर से गोविन्द सिंघल, संजय बांकडा, राहुल गोयल बंटी एवं प्रयोग गर्ग ने सभी मेहमानों का स्वागत किया और प्रवेश द्वार के निर्माण की जानकारी देते हुए बताया कि पिछले 3 वर्षों से चल रहा निर्माण कार्य अब पूरा हो चुका है। यातायात व्यवस्था को बाधित किए बिना यह प्रवेश द्वार ठेकेदार केके अग्रवाल की देखरेख में बनाया गया है। इसके पत्थर राजस्थान से बुलवाए गए हैं। 45 फीट ऊँचे और 165 फीट चौड़े इस प्रवेश द्वार पर दोनों ओर महाराजा अग्रसेन के 18 पुत्रों अर्थात 18 गौत्र के नाम और उनके “एक रुपया-एक ईंट” के आदर्श सिद्धांत को प्रमुखता से उकेरा गया है। पितृ पुरुष महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा के निकट एक किले और महल जैसे दर्शनीय स्थल के रूप में बनाए गए इस प्रवेश द्वार को देखकर ऐसा लगता है कि महाराजा अग्रसेन अपने 18 पुत्रों और गौत्र को फलते-फूलते निहार रहे हैं। इस अवसर पर अग्रवाल समाज केन्द्रीय समिति के पूर्व अध्यक्ष किशोर गोयल, संजय बांकडा सहित विभिन्न अग्रवाल संगठनों ने प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
अग्रसेन यूथ क्लब के सचिव सौरभ गोयल बालाजी ने बताया कि हनुमान जयंती के महापर्व पर शाम 7 बजे से प्रतिमा स्थल पर महिलाओं एवं युवतियों द्वारा अपने-अपने घरों से आरती की थाली सजाकर लाइ गई थी जिनसे पितृ पुरुष महाराजा अग्रसेन की महाआरती भी की गई। इस मौके पर श्रेष्ठ सज्जा वाली थालियों को पुरुस्कृत भी किया गया। शुभारंभ के तुरंत पश्चात चौराहे पर रंगारंग आतिशबाजी भी की गई। प्रवेश द्वार की निर्माण व्यवस्था समिति के अतुल अग्रवाल, संदीप ऑटो, राजीव बांकडा, हर्ष अग्रवाल संपत, रजत गर्ग एवं अंकित गोयल फार्मा सहित प्रवेश द्वार के निर्माण में सहयोगी रहे क्लब के उपाध्यक्ष हितेश गोयल, सह सचिव पुनीत गर्ग, कोषाध्यक्ष सीए मयूर अग्रवाल एवं कार्यकारिणी सदस्य अमल गोयल, सीए जयेश जिंदल, पार्थ बागड़ी, ऋतिक बद्रुका, रोहित अग्रवाल, दिलीप गर्ग, रितेश मित्तल, आदित्य अग्रवाल एवं सीए आयुष जिंदल का भी स्वागत किया गया। शहर के लगभग सभी प्रमुख अग्रवाल संगठनों के प्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने यूथ क्लब एवं निर्माण से जुड़े लोगों को बधाइयाँ दी।


