सही समय पर सही निर्णय ही बचाता है जिंदगी
*सही समय पर सही निर्णय ही बचाता है जिंदगी
मालवांचल यूनिवर्सिटी में पूर्व अमेरिकी विदेश सेवा चिकित्सा अधिकारी डॅा.राजेश व्यास ने छात्रों से साझा किए अंतरराष्ट्रीय अनुभव
इंदौर। चिकित्सा क्षेत्र में केवल ज्ञान और डिग्री ही पर्याप्त नहीं होती है बल्कि कठिन परिस्थितियों में सही समय पर सही निर्णय ही किसी मरीज की जिंदगीं बचाता है। निर्णय लेने की क्षमता ही एक चिकित्सक की वास्तविक पहचान होती है।यह बात पूर्व अमेरिकी विदेश सेवा चिकित्सा अधिकारी डॅा.राजेश व्यास मालवांचल यूनिवर्सिटी में आयोजित विशेष कार्यशाला में कही। इस अवसर पर इंडेक्स समूह संस्थान के मेडिकल,आयुर्वेद,होम्योपैथी,नर्सिंग सहित विभिन्न संस्थानों के छात्र और शिक्षक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।कार्यशाला में डॅा.व्यास ने अपने विभिन्न देशों में अंतरराष्ट्रीय अनुभवों,चिकित्सा क्षेत्र में किए विभिन्न प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि चिकित्सा शिक्षा में किताबी ज्ञान के साथ उसमें कॉमन सेंस, मानवीय संवेदनाएं, त्वरित निर्णय क्षमता और व्यावहारिक समझ का समावेश भी उतना ही आवश्यक है।
*नियम से पहले इंसान की जिंदगी सर्वोपरि*
उन्होंने कहा कि जीवन में किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए सही समय पर सही निर्णय लेना सबसे पहली और सबसे महत्वपूर्ण प्राथमिकता होती है। उन्होंने बताया कि उन्हें अमेरिका सहित अनेक देशों में कार्य करने और यात्रा करने का अवसर मिला, जहां कई बार ऐसी विषम परिस्थितियां सामने आईं, जब किसी मरीज का जीवन बचाने के लिए स्थापित नियमों से आगे बढ़कर निर्णय लेने पड़े। डॉ. व्यास ने कहा कि मेरे लिए किसी भी नियम से पहले इंसान की जिंदगी सर्वोपरि रही है। यदि किसी व्यक्ति का जीवन बचाने के लिए तत्काल निर्णय लेना आवश्यक हो, तो संवेदनशीलता और विवेक के साथ निर्णय लेने से पीछे नहीं हटना चाहिए।उन्होंने युद्ध जैसी आपात परिस्थितियों और गंभीर चिकित्सा संकटों के दौरान अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि कई बार एक चिकित्सक का एकमात्र निर्णय ही किसी व्यक्ति के जीवन और मृत्यु के बीच का अंतर बन जाता है। इसलिए विद्यार्थियों को केवल विषय विशेषज्ञ बनने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनमें परिस्थितियों का आकलन करने, त्वरित निर्णय लेने और मानवीय मूल्यों के साथ कार्य करने की क्षमता भी विकसित होनी चाहिए।कार्यक्रम के अंत में मालवांचल यूनिवर्सिटी के कुलगुरु डॉ. संजीव नारंग एवं कुलसचिव डॉ. लोकेश्वर सिंह जोधाणा ने डॉ. राजेश व्यास का स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मान किया। इस अवसर पर इंडेक्स समूह संस्थान के डीन,अधिकारीगण,वरिष्ठ शिक्षक, चिकित्सक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


