बच्चों ने सजाई दीयों की अनूठी प्रदर्शनी , जुटाई राशि जाएगी वृद्धाश्रम
यह सिर्फ़ दीयों की प्रदर्शनी नहीं, बल्कि सेवा और सहयोग की भावना का प्रदर्शन है
बच्चे भी समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और सेवा का संदेश फैलाने की पूरी क्षमता रखते हैं
इंदौर। दीपावली से पूर्व एक सराहनीय पहल करते हुए लगभग 1500 से अधिक मिट्टी के दीये और उन्हें खूबसूरती से सजाया । इन कलात्मक दीयों की एक भव्य प्रदर्शनी "ऊर्जा" बैकुंठधाम कॉलोनी स्थित 'द इमेजिनेशन स्टेशन' में लगाई गई । ऊर्जस्विनी स्पेशल स्कूल के विद्यार्थियों और उनकी टीम ने इन दियों को तैयार किया ।
इस प्रदर्शनी को देखने के लिए बड़ी संख्या में शहर के लोग उमड़े और उन्होंने इन बच्चों के अथक प्रयास की सराहना की। कई लोगों ने अपने घरों को सजाने के लिए इन खास दीयों को खरीदा ।
सामाजिक विकास की ओर कदम – स्कूल प्रबंधन के अनुसार, इस प्रदर्शनी से एकत्र हुई पूरी राशि को स्कूली बच्चे स्वयं ज़रूरतमंद चीज़ें खरीदने के लिए इस्तेमाल करेंगे और फिर उन चीज़ों को अपने हाथों से वृद्धाश्रम में रहने वाले बुज़ुर्गों को भेंट कर आएंगे। यह पहल बच्चों में न केवल कलात्मकता को बढ़ावा देती है, बल्कि उन्हें सामाजिक ज़िम्मेदारी का पाठ भी पढ़ाती है।
प्रदर्शनी का उद्घाटन समाजसेवी माला सिंह ठाकुर ने किया। उन्होंने बच्चों के इस प्रयास की दिल खोलकर तारीफ़ की और कहा, "ऐसी पहल से समाज का विकास होते हम देख पाते हैं कि बच्चों में अभी से नैतिक मूल्य विकसित हो रही हैं। यह सिर्फ़ दीयों की प्रदर्शनी नहीं, बल्कि सेवा और सहयोग की भावना का प्रदर्शन है।" यह पहल दर्शाती है कि बच्चे भी समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और सेवा का संदेश फैलाने की पूरी क्षमता रखते हैं।