नारनोली अग्रवाल पंचायती ट्रस्ट द्वारा 8 वर्ष के बच्चे से लेकर 80 वर्ष के बुजुर्गों तक तीन पीढ़ियों का सम्मान समारोह 

नारनोली अग्रवाल पंचायती ट्रस्ट द्वारा 8 वर्ष के बच्चे से लेकर 80 वर्ष के बुजुर्गों तक तीन पीढ़ियों का सम्मान समारोह 

नारनोली अग्रवाल पंचायती ट्रस्ट द्वारा 8 वर्ष के बच्चे से लेकर

80 वर्ष के बुजुर्गों तक तीन पीढ़ियों का सम्मान समारोह 

इंदौर। नारनोली अग्रवाल पंचायती ट्रस्ट ने समाज के आठ बुजुर्गों से लेकर 50 से अधिक प्रतिभावान बच्चों को एक मंच पर आमंत्रित कर उनका सम्मान किया। इनमें 8 वर्ष के बच्चे से लेकर 80 वर्ष के बुजुर्ग भी शामिल थे। इस मौके पर समाज की तीन पीढ़ियां एक साथ मौजूद रही, जिन्होंने ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम को सभी उम्र के लोगों के लिए प्रेरणादायी और अनुकरणीय बताया। 
           ट्रस्ट के अध्यक्ष हुकमचंद अग्रवाल एवं मंत्री विजय अग्रवाल ने बताया कि समाज के लिए समर्पित भाव से काम करने वाले आठ वरिष्ठों को शाल-श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र भेंटकर समाज के प्रति उनकी सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सभी बुजुर्गों के परिजनों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। इस मौके पर कमल कुमार ऐरन, राधेश्याम अग्रवाल, कैलाशचंद्र अग्रवाल, प्रकाश ऐरन, श्रीमती गुणमाला गर्ग, श्रीमती कमला अग्रवाल एवं श्रीमती लक्ष्मीबाई गोयल को ट्रस्ट के पदाधिकारियों के साथ क्षेत्र के प्रमुख समाजसेवी बंधुओं की मौजूदगी में पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विभिन्न परीक्षाओं में प्रावीण्यता प्राप्त करने वाले और विभिन्न स्पर्धाओं में विजेता बनकर परिवार एवं समाज का नाम रोशन करने वाले 50 से अधिक बच्चों को भी प्रशस्ति पत्र, मंजूषा एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। बुजुर्गों और बच्चों को एक साथ, एक मंच पर जमा कर सम्मानित करने का यह पहला अनूठा अवसर था, जिसकी सभी समाजबंधुओं ने खुले मन से प्रशंसा की। समाजसेवी नारायण अग्रवाल 420 पापड़वाले,  कार्यक्रम संयोजक विनय गर्ग एवं योगेश गोयल,  ट्रस्ट के सहमंत्री ओमप्रकाश बंसल दद्दू, गोविंद अग्रवाल, विनोद बंसल सांघी, गोपालदास अग्रवाल, प्रकाश ऐरन, विनय अग्रवाल गट्टू सहित बड़ी संख्या में सम्मानित बुजुर्गों एवं प्रतिभाओं का सम्मान किया। अंत में ट्रस्ट के मंत्री विजय अग्रवाल ने आभार माना।
            अध्यक्ष हुकमचंद अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि नारनोली अग्रवाल पंचायत ट्रस्ट 110 वर्ष पुराना ट्रस्ट है, जिसने समाज से किसी तरह का आर्थिक सहयोग या चंदा लेने की जगह ट्रस्ट के अपने पैसों से ही सेवा की गतिविधियां चला रखी है। मल्हारगंज, तेली बाखल स्थित ट्रस्ट भवन में भव्य राम रामेश्वर मंदिर भी स्थापित हैं, जिसकी पूरे वर्षभर पूजा होती है। भवन में आधुनिक सुविधायुक्त 30 कमरे , 2, रसोई घर, 3 बड़े हॉल 17 हजार वर्गफीट का कवर्ड चौक, 5 हजार वर्गफीट का ओपन ग्राउंड, 6 हजार वर्गफीट की छत सहित लिफ्ट की सुविधा भी उपलब्ध है। बुजुर्गों के साथ बच्चों के सम्मान समारोह का उद्देश्य भी यही था कि सभी पीढियां एक साथ, एक मंच पर जमा होकर संयुक्त परिवार और पीढ़ियों के अंतर को दूर करने का संदेश दे सके।  ट्रस्ट द्वारा समाज को जोड़ने के लिए इस तरह की परंपरा निरंतर जारी रहेगी।