देव दीपावली पर गौ भक्तों ने किया दीपदान, सैकड़ों  दीपों से जगमगा उठा अहिल्या माता गौशाला परिसर

देव दीपावली पर गौ भक्तों ने किया दीपदान, सैकड़ों  दीपों से जगमगा उठा अहिल्या माता गौशाला परिसर


देव दीपावली पर गौ भक्तों ने किया दीपदान, सैकड़ों 
दीपों से जगमगा उठा अहिल्या माता गौशाला परिसर

इंदौर । केसरबाग रोड़ स्थित श्री अहिल्या माता गौशाला का परिसर कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली के अवसर पर हजारों दीपों से रोशन हो उठा। गौशाला परिसर को आकर्षक रंगोली, पुष्प सज्जा एवं विद्युत सज्जा से श्रृंगारित किया गया था। बड़ी संख्या में गो भक्तों ने गौशाला पहुंचकर दीपदान भी किया और गो सेवा का पुण्य लाभ भी उठाया। 
गौशाला प्रबंध समिति के अध्यक्ष राधेश्याम गुरूजी, सचिव पुष्पेंद्र धनोतिया एवं संयोजक सीके अग्रवाल ने बताया कि आचार्य पं. मुकेश शास्त्री और उनके सहयोगी विद्वान आचार्यों ने गौशाला आने वाले भक्तों से पूजा संपन्न कराई। अनेक गौभक्तों ने सपरिवार यहां आकर पहले सप्त गौमाता मंदिर की परिक्रमा कर गौवंश का पूजन किया, फिर गौसेवा के बाद दूध युक्त जल से अर्ध्य प्रदान किया और विशेष रूप से बनाए गए जल कुंड में दीप दान भी किया। इस जल कुंड में पवित्र नदियों का जल भी डाला गया था। संध्या को गौशाला परिसर का सुहावना दृश्य देखने लायक था। गौभक्तों ने सप्त गौमाता मंदिर की परिक्रमा कर सुसज्जित गायों का पूजन भी किया। पूजन सामग्री, हरे चारे एवं अन्य पशु आहार की व्यवस्था गौशाला प्रबंध समिति द्वारा की गई थी। 
समूचे गौशाला परिसर को विद्युत सज्जा एवं रंगोली से रोशन किया गया था।  रात 10 बजे तक गौशाला परिसर में भक्तों का मेला जुटा रहा। देव दीपावली के अवसर पर दीप दान का विशेष महत्व होने से अनेक गौ भक्तों ने संपूर्ण परिसर में दीपों की श्रृंखला लगाकर कार्तिक पूर्णिमा के पर्व को सार्थक बना दिया। अनेक भक्तों ने गौसेवा के निमित्त गौ दान का पुण्य लाभ भी उठाया।