राजवाड़ा क्षेत्र के व्यापारियों ने की पहल- यातायात पुलिस के साथ भ्रमण कर दुकानदारों और ग्राहकों से व्यवस्था में सहयोग की अपील

राजवाड़ा क्षेत्र के व्यापारियों ने की पहल- यातायात पुलिस के साथ भ्रमण कर दुकानदारों और ग्राहकों से व्यवस्था में सहयोग की अपील

● राजवाड़ा क्षेत्र के व्यापारियों ने की पहल- यातायात पुलिस के साथ भ्रमण कर दुकानदारों और ग्राहकों से व्यवस्था में सहयोग की अपील की

● डीसीपी श्री राजेश कुमार त्रिपाठी के साथ टीम द्वारा राजवाड़ा क्षेत्र के मुख्य बाजारों में पैदल भ्रमण

● लगातार यातायात पुलिस के प्रयास से मुख्य बाजारों में आवागमन हुआ सुगम

  इंदौर। शहर में सुचारू एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह के मार्गदर्शन में, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) श्री आर. के. सिंह एवं पुलिस उपायुक्त (प्रभारी यातायात) श्री राजेश कुमार त्रिपाठी के निर्देशन में यातायात पुलिस इंदौर द्वारा निरंतर प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।

   इसी क्रम में यातायात पुलिस द्वारा लगातार प्रयास एवं नियमित भ्रमण के परिणामस्वरूप राजवाड़ा क्षेत्र का यातायात सुचारू रूप से संचालित रहा तथा वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल यात्रियों को भी आवागमन में सुविधा प्राप्त हुई।

       आज दिनांक को राजवाड़ा क्षेत्र में एक सकारात्मक पहल भी देखने को मिली, जिसमें व्यापारी संगठनों द्वारा आगे आकर माइक के माध्यम से दुकानदारों एवं नागरिकों से यातायात नियमों के पालन एवं सहयोग की अपील की गई। व्यापारी प्रतिनिधियों ने कहा कि यातायात पुलिस लगातार क्षेत्र में बेहतर यातायात व्यवस्था हेतु प्रयास कर रही है, अब व्यापारियों की भी जिम्मेदारी है कि वे अपनी दुकानों के सामने बनी व्हाइट पट्टी में केवल ग्राहकों को अल्प समय के लिए वाहन खड़ा करने दें तथा स्वयं अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल में ही पार्क करें, जिससे आमजन को कोई परेशानी न हो।

     इंदौर यातायात पुलिस द्वारा नागरिकों से अपेक्षा की गई है कि शहर की बेहतर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सभी नागरिक, व्यापारी एवं वाहन चालक सहयोग करें।

भ्रमण के दौरान राजवाड़ा, सराफा, कपड़ा मार्केट, खजूरी बाजार, सुभाष चौक एवं आसपास के निर्धारित पार्किंग स्थलों का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया गया।

     पुलिस उपायुक्त महोदय द्वारा दुकानदारों एवं व्यापारियों से अपील की गई कि वे अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों में ही पार्क करें, जिससे दुकानों के बाहर बनी सफेद पट्टी (व्हाइट लाइन) के भीतर ग्राहक अपने वाहन अल्प समय के लिए खड़े कर सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी दुकान के बाहर कोई वाहन लंबे समय तक खड़ा रहता है, तो उसे अवैध पार्किंग की श्रेणी में माना जाएगा।

     उन्होंने बताया कि ऐसे वाहनों की शिकायत नागरिक एवं व्यापारी यातायात पुलिस के व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 7049107620 पर कर सकते हैं, जिस पर यातायात पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई की जाएगी। साथ ही वाहन चालकों से भी अपील की गई कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग में ही खड़े करें एवं नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा कर यातायात बाधित न करें।