इंदौर में आयोजित हुआ ‘खेलो इंडिया संवाद’, 500 से अधिक युवाओं ने लिया हिस्सा
इंदौर में आयोजित हुआ ‘खेलो इंडिया संवाद’, 500 से अधिक युवाओं ने लिया हिस्सा
इंदौर,। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार शासकीय होलकर साइंस कॉलेज, इंदौर में ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 500 युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शंकर लालवानी, कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, कैबिनेट मंत्री तुलसी सिलावट, विधायक गोलू शुक्ला, प्राचार्य श्रीमती अनामिका जैन, उपनिदेशक माय भारत पंकज गोस्वामी, NSS कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती सीमा सिसोदिया आदि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन सुना। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में देश में खेलों को बढ़ावा देने, युवाओं की खेलों में भागीदारी बढ़ाने तथा खेलो इंडिया के माध्यम से उभरती खेल प्रतिभाओं को अवसर उपलब्ध कराने पर चर्चा की। उन्होंने युवाओं को फिटनेस, अनुशासन और खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी युवाओं से संवाद किया और खेलों के माध्यम से व्यक्तित्व विकास, स्वस्थ जीवनशैली तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विचार साझा किए।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित युवाओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। इसके पश्चात राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का गरिमापूर्ण समापन हुआ।
कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), मेरा युवा भारत (MY Bharat), शासकीय होलकर साइंस कॉलेज एवं खेल विभाग के सहयोग से किया गया।


