स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत बिजलपुर में हुआ श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान
स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत बिजलपुर में हुआ श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान
स्वच्छता के लिए सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी जरूरी : प्रतिभागियों ने लिया स्वच्छता का संकल्प*
इंदौर,। भारत सरकार, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो (CBC) इंदौर, खेल एवं युवा कल्याण विभाग इंदौर तथा माय भारत इंदौर के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को निर्माणाधीन खेल परिसर, बिजलपुर, इंदौर में *‘स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026’* के अंतर्गत श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित गतिविधियों के क्रम में किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ श्रमदान और सामूहिक सहभागिता के माध्यम से स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण का संदेश देना था। कार्यक्रम के दौरान निर्माणाधीन खेल परिसर के विभिन्न हिस्सों में साफ-सफाई की गई तथा परिसर में जमा कचरे एवं अनावश्यक सामग्री को हटाकर स्वच्छता का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर *केंद्रीय संचार ब्यूरो इंदौर के प्रचार अधिकारी शाकिर मंसूरी*, जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी *श्रीमती रीना चौहान*, माय भारत इंदौर के उपनिदेशक * पंकज गोस्वामी*, खेल एवं युवा कल्याण विभाग इंदौर की ब्लॉक समन्वयक *श्रीमती लीना श्रीवास*, खेल एवं युवा कल्याण विभाग इंदौर के स्टाफ सदस्यों सहित मोहम्मद याकूब अंसारी, हॉकी कोच, राजेंद्र वर्मा, सचिव, इंदौर एथलेटिक कॉरपोरेशन, किशोर शुक्ला तथा अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान किया।
स्वच्छता प्रतियोगिता का आयोजन स्वच्छता अभियान के दौरान प्रतिभागियों में स्वच्छता के प्रति उत्साह और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के उद्देश्य से सफाई प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने परिसर के विभिन्न हिस्सों में स्वच्छता कार्य करते हुए अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों को साफ-सुथरा बनाया। प्रतियोगिता में बेहतर ढंग से सफाई करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति, संस्था या विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता बनाए रखने के साथ-साथ कचरे को निर्धारित स्थान पर डालना, स्वच्छता के प्रति दूसरों को जागरूक करना और अपने आसपास के वातावरण को साफ रखना प्रत्येक नागरिक के दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी प्रतिभागियों एवं नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। सभी ने अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, सार्वजनिक स्थानों को गंदा न करने तथा अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छता ही सेवा अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण के निर्माण में निरंतर योगदान देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।


