फिलेटेलिक सोसायटी की बैठक में हुई अहिल्या बाई की पुस्तक और मुद्रा संग्रहालय पर चर्चा
इंदौर । इंदौर फिलेटेलिक सोसायटी एवं इंदौर न्यूमिस्मेटिक सोसायटी की जुलाई माह की मासिक बैठक रीगल चौराहा स्थित काफी हाउस पर सुश्री कीर्ति कौरव के आतिथ्य और डॉ. रमेश अटोलिया की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में सदस्यों ने लोकमाता देवी अहिल्याबाई पुस्तक पर चर्चा के साथ ही शहर में प्रस्तावित मुद्रा संग्रहालय की योजना पर भी विचार-मंथन किया।
बैठक में नए सदस्य मिलिंद देहड़राय एवं श्रीमती रंजना गवाड़े का स्वागत करने के बाद इंजीनियर चिराग त्रिवेदी द्वारा संपादित सोसायटी की मुख्य ई-पत्रिका इंड फिल का लोकार्पण भी किया गया। रवीन्द्र नारायण पहलवान द्वारा लोकमाता अहिल्याबाई पुस्तक पर चर्चा एवं विचार-विमर्श के बाद देवकीनंदन त्रिवेदी ने स्मारक सिक्कों का प्रदर्शन कर उनके बारे में दिलचस्प जानकारियां दीं। मुद्रा शास्त्री गिरीश शर्मा ‘आदित्य ‘ ने मुद्रा संग्रहालय की स्थापना के अपने संकल्प को दोहराते हुए प्रस्तावित योजना का उल्लेख किया। मेजर एम.के. गुप्ता एवं प्रो. शिवम चतुर्वेदी ने भी अपने विचार रखे। नए सदस्यों को उपहारों का वितरण राजेन्द्र अग्रवाल एवं राजेश शाह द्वारा किया गया। प्रारंभ में स्वागत भाषण सुरेन्द्र मूलिए ने दिया। संचालन कार्यकारी अध्यक्ष राजेश शाह एवं लक्ष्मीकांत जैन ने किया और आभार माना नरेन्द्र अग्रवाल ने। बैठक में सुरेश भागचंदानी ने सबके अच्छे स्वास्थ्य की मंगल कामनाएं व्यक्त की।


