अंगदान जागरूकता के विश्व रिकॉर्ड की ओर इंदौर का कदम, एनीमिया और अंगदान पर इंदौर का सबसे बड़ा जनआंदोलन
द ग्रैंड वॉकथन 2025: इंदौर बनाएगा इतिहास
अंगदान जागरूकता के विश्व रिकॉर्ड की ओर इंदौर का कदम
एनीमिया और अंगदान पर इंदौर का सबसे बड़ा जनआंदोलन
*इंदौर,।* मिताशा फाउंडेशन द्वारा आयोजित द ग्रैंड वॉकथन 2025 इस वर्ष इंदौर में एक अभूतपूर्व सामाजिक आंदोलन का रूप ले रहा है। यह शहर का बड़ा स्वास्थ्य जनआंदोलन 14 दिसंबर, रविवार को सुबह 7 बजे नेहरू स्टेडियम से शुरू होकर पलासिया चौराहा होते हुए पुनः स्टेडियम पर समाप्त होगा। एनीमिया जागरूकता और अंगदान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस वॉकाथॉन में शहर भर के लोगों का असाधारण उत्साह देखने को मिल रहा है। 105 से अधिक संस्थान, क्लब और संगठनों ने इस पहल के साथ जुड़कर सामूहिक रूप से सामाजिक परिवर्तन के लिए अपना समर्थन दर्ज कराया है।
कार्यक्रम में लगभग 7,000 प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। इनमें आम नागरिकों के साथ-साथ बीएसएफ, सीआईएसएफ और एनसीसी के वर्दीधारी जवान एवं कैडेट्स भी सक्रिय रूप से भाग लेंगे, जिससे यह आयोजन और अधिक भव्य व प्रेरणादायी बनेगा।
इस अवसर पर इंदौर के सांसद श्री शंकर लालवानी, सीधी के सांसद श्री राजेश मिश्रा, इंदौर के महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, अन्य जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। उनकी उपस्थिति इस अभियान की गंभीरता और सामाजिक महत्व को और सुदृढ़ करती है।


