अग्रसैन सोशल ग्रुप का दीपावली मिलन एवं अन्नकूट महोत्सव सम्पन्न हुआ
अग्रसैन सोशल ग्रुप का दीपावली मिलन एवं अन्नकूट महोत्सव हर्षोल्लास के साथ संपन्न
वरिष्ठ समाजसेवी प्रेमचंद गोयल के मुख्य आतिथ्य में हुआ आयोजन, विशिष्ट उपलब्धियों के लिए पांच प्रतिभाओं का सम्मान
इंदौर। अग्रसैन सोशल ग्रुप द्वारा दीपावली मिलन एवं अन्नकूट महोत्सव का भव्य आयोजन बिन्दल फार्म पर हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी प्रेमचंद गोयल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा महाराजा अग्रसेन जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इसके पश्चात महाआरती संपन्न हुई। दीपावली के पावन पर्व पर आयोजित इस मिलन समारोह में सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव और आत्मीयता का सुंदर संगम देखने को मिला।
ग्रुप समन्वयक राजेश गर्ग एवं प्रमुख संचालक शिव जिंदल ने जानकारी देते हुए बताया कि दीपावली मिलन समारोह के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाली पांच प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में उमेश बिन्दल, एस. आर. गुप्ता, सतीश गोयल, डॉ. गोविन्द सिंघल एवं किरण सिंघल शामिल रहे।
कार्यक्रम में अतिथियों का आत्मीय स्वागत कमलेश मित्तल, राजकुमार बंसल, विनोद गोयल, विजय गर्ग एवं रवि प्रकाश गर्ग ने किया। समारोह का कुशल संचालन राजू बंसल ने किया, जबकि अंत में मनीष मित्तल ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
दीपावली मिलन एवं अन्नकूट महोत्सव ने सामाजिक समरसता, पारस्परिक सौहार्द और संगठनात्मक एकजुटता का संदेश देते हुए सभी के लिए यादगार पल प्रस्तुत किए।


