जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी” थीम पर हेल्थ केयर सोल्जर ने मनाया मातृत्व दिवस
-जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी” थीम पर हेल्थ केयर सोल्जर ने मनाया मातृत्व दिवस
- 56 दुकान पर हुआ नारीशक्ति का सम्मान
इंदौर। “जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी” की भावनात्मक और प्रेरणादायक थीम पर हेल्थ केयर सोल्जर द्वारा इस वर्ष मातृत्व दिवस का विशेष 56 दुकान परिसर में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मातृशक्ति, वीर नारियों, सफाई दीदियों, माताओं एवं बहनों के योगदान को सम्मानित करना और समाज में उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान शहर की सफाई दीदियों एवं विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाली महिलाओं का सम्मान साड़ी, गिफ्ट हैंपर एवं पौधा भेंट कर किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और सभी ने मातृत्व एवं नारीशक्ति के सम्मान में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
कार्यक्रम में डॉ. रविन्द्र काले द्वारा विशेष ध्यान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों ने मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव किया। वहीं इस्कॉन मंदिर इंदौर से पधारे नंदन प्रभु जी एवं उनकी टोली ने भजन प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर बच्चों की प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। अयान भूषण, सीता, अथर्व तारे, पद्मी कपाड़िया, किया जोशी, महादेव एवं शनाया नेगी ने मां पर आधारित भावपूर्ण गायन प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की मासूम अभिव्यक्तियों और भावनात्मक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों की आंखें नम कर दीं।
कार्यक्रम में कर्नल यादवेंद्र सिंह यादव, मीर रंजन नेगी, श्रीमती नेगी एवं श्रीमती यादव ने अपने जीवन अनुभव साझा किए। वहीं श्रीमती दीवान जी, जिनके पति भारतीय सेना में रहे हैं, उन्होंने सेना के जवानों और उनकी अर्धांगनियों के संघर्ष, समर्पण और जीवन के अनुभवों को साझा कर उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया।
इस दौरान अमन मसीह के घातक बैंड द्वारा मां को समर्पित मनमोहक संगीत प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें लोगों ने खूब सराहा। पूरा आयोजन भावनाओं, संस्कृति और सम्मान का अद्भुत संगम बन गया।
*हेल्थ केयर सोल्जर के प्रतिनिधि डॉ. संदीप जुल्का ने कहा कि* “मां केवल एक रिश्ता नहीं बल्कि पूरे समाज की शक्ति होती हैं। मातृत्व दिवस केवल उत्सव नहीं बल्कि उन महिलाओं के प्रति सम्मान और आभार प्रकट करने का अवसर है, जो हर परिस्थिति में परिवार और समाज को संभालती हैं। हमारा प्रयास है कि समाज में नारी सम्मान और संवेदनशीलता का यह भाव लगातार मजबूत होता रहे।”
आयोजन को सफल बनाने में हेल्थ केयर सोल्जर, 56 दुकान व्यापारी संघ, गुंजन के प्रमुख गुंजन शर्मा, श्री राठौर एवं दिव्य के मसाले का विशेष सहयोग रहा। सभी सहयोगियों ने कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को गिफ्ट हैंपर भेंट कर सम्मानित किया।


