इंदौर में गूंजेगा सफल संघर्ष, सार्थक संकल्प और राष्ट्रचिंतन का मुखर स्वर
*इंदौर में गूंजेगा सफल संघर्ष, सार्थक संकल्प और राष्ट्रचिंतन का मुखर स्वर!*
_रविवार को प्रख्यात शिक्षाविद् एवं राज्यसभा सांसद सी. सदानंदन मास्टर जी का प्रेरक व्याख्यान_
_'संघर्ष से संसद तक - वैचारिक प्रतिबद्धता' विषय पर साझा करेंगे जीवन के प्रेरक अनुभव और राष्ट्र निर्माण का दृष्टिकोण_
_1994 की राजनीतिक हिंसा में दोनों पैर गंवाने के बाद भी नहीं टूटा हौसला, संघर्ष को बनाया समाज और राष्ट्रसेवा का संकल्प_
* इंदौर,* सामाजिक, वैचारिक एवं राष्ट्र निर्माण के सरोकारों को समर्पित संस्था 'सार्थक' द्वारा रविवार, 09 अगस्त 2026 को इंदौर में एक विशेष प्रेरक व्याख्यान का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर देश के प्रख्यात शिक्षाविद्, राष्ट्रचिंतक एवं राज्यसभा सांसद श्री सी. सदानंदन मास्टर अपने जीवन के संघर्ष, वैचारिक प्रतिबद्धता और राष्ट्रसेवा के अनुभवों को साझा करेंगे। उनका व्याख्यान "संघर्ष से संसद तक - वैचारिक प्रतिबद्धता" विषय पर आधारित होगा।
संस्था के संयोजक दीपक जैन "टीनू" ने बताया कि वर्तमान समय में समाज विशेषकर युवाओं के सामने केवल कैरियर नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों, वैचारिक स्पष्टता, सामाजिक उत्तरदायित्व और नेतृत्व की चुनौतियां भी हैं। ऐसे समय में सदानंदन मास्टर जी जैसे प्रेरक व्यक्तित्व का इंदौर आगमन पूरे समाज के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक व्याख्यान नहीं, जीवन को नई दिशा देने वाला संवाद होगा।
दीपक जैन "टीनू" ने बताया कि श्री सी. सदानंदन मास्टर का जीवन असाधारण साहस, संघर्ष और अटूट वैचारिक प्रतिबद्धता का उदाहरण है। केरल के कन्नूर जिले के निवासी सदानंदन मास्टर ने वर्षों तक शिक्षक के रूप में विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण का कार्य किया। वर्ष 1994 में राजनीतिक हिंसा के दौरान उन पर अत्यंत अमानवीय हमला हुआ, जिसमें उन्होंने अपने दोनों पैर खो दिए! इतनी बड़ी व्यक्तिगत त्रासदी के बावजूद उन्होंने अपने संकल्प को कमजोर नहीं होने दिया। कृत्रिम पैरों के सहारे उन्होंने पुनः खड़े होकर शिक्षा, सामाजिक सेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाया। उनका संपूर्ण जीवन इस बात का प्रमाण है कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, यदि व्यक्ति अपने विचारों और लक्ष्य के प्रति अडिग रहे तो वह समाज के सर्वोच्च सम्मान और दायित्व तक पहुंच सकता है।
दीपक जैन "टीनू" ने बताया कि शिक्षा, समाज सेवा और राष्ट्र जीवन में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए वर्ष 2025 में उन्हें राष्ट्रपति द्वारा राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया। आज वे देशभर में युवाओं, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न संस्थाओं के बीच अपने प्रेरक व्याख्यानों के माध्यम से सकारात्मक विचारों का प्रसार कर रहे हैं।
दीपक जैन "टीनू" ने बताया कि व्याख्यान में सदानंदन मास्टर जी से संवाद करने के लिए प्रतिभाशाली टीवी एंकर श्री हार्दिक दवे भी खासतौर पर नई दिल्ली से इंदौर आ रहे हैं! यह व्याख्यान विशेष रूप से विद्यार्थियों, युवाओं, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवी संगठनों तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय नागरिकों के लिए अत्यंत उपयोगी रहेगा। कार्यक्रम में सदानंदन मास्टर जी संघर्ष, नेतृत्व, वैचारिक निष्ठा, सामाजिक दायित्व और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर अपने अनुभव साझा करेंगे, जो उपस्थित जनों के लिए प्रेरणा का महत्वपूर्ण स्रोत बनेंगे।
कार्यक्रम रविवार, 09 अगस्त 2026 को महात्मा गांधी स्मृति महाविद्यालय सभागृह, सुयश हॉस्पिटल के सामने, ए.बी. रोड, इंदौर में आयोजित होगा। सायं 4:00 बजे चाय एवं परिचय से कार्यक्रम की शुरुआत होगी तथा सायं 4:30 बजे मुख्य व्याख्यान प्रारंभ होगा।
संस्था 'सार्थक' ने इंदौर के सभी प्रबुद्ध नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों एवं विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों से आग्रह किया है कि वे समय पर उपस्थित होकर इस दुर्लभ अवसर का लाभ लें। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रेरक व्यक्तित्वों का सान्निध्य जीवन में सकारात्मक परिवर्तन और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व की भावना को सशक्त बनाने का माध्यम बनता है। संस्था का विश्वास है कि यह आयोजन इंदौर के वैचारिक और सामाजिक जीवन में एक महत्वपूर्ण अध्याय सिद्ध होगा।


