एक कदम पुस्तकालय की ओर” कार्यक्रम का शुभारंभ

एक कदम पुस्तकालय की ओर” कार्यक्रम का शुभारंभ

इंदौर। श्री वैष्णव कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड कॉमर्स इंदौर द्वारा ग्रीष्म अवकाश के दौरान बच्चों को पुस्तकों से जोड़ने एवं मोबाइल से दूर रखकर ज्ञानवर्धन की दिशा में प्रेरित करने हेतु “एक कदम पुस्तकालय की ओर” कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

महाविद्यालय के सुसज्जित पुस्तकालय में बच्चों के लिए बाल साहित्य, कॉमिक्स, प्रेरणादायक पुस्तकें एवं रोचक कहानियों का उत्कृष्ट संग्रह निःशुल्क उपलब्ध कराया गया है, ताकि बच्चे अवकाश के समय को रचनात्मक और ज्ञानवर्धक बना सकें।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य श्री *परितोष अवस्थी ने कहा* कि, “ *पुस्तकें मनुष्य की सच्ची मित्र होती हैं। वे कभी भी व्यक्ति को अकेला महसूस नहीं होने देतीं। बच्चों को मोबाइल से दूर रखकर पुस्तकों की ओर प्रेरित करना आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।”* 

कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कल्पनाशीलता एवं रचनात्मक प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को कला एवं साहित्य से जोड़ने का प्रयास किया गया।

समापन अवसर पर ग्रंथपाल डॉ. संध्या पुरोहित, अश्विनी मित्तल एवं महाविद्यालय के समस्त उपस्थित स्टॉफ द्वारा बच्चों को टॉफी एवं बिस्किट वितरित किए गए तथा उन्हें प्रतिदिन पुस्तकालय आने के लिए प्रेरित किया गया।

महाविद्यालय के प्रबंधन वर्ग ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में अध्ययन की रुचि विकसित करने के साथ-साथ सकारात्मक सोच एवं संस्कार निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।