विकसित भारत एक्सपो 2026 का सफल समापन, सी.बी.सी. की प्रदर्शनी रही आकर्षण का केंद्र
*विकसित भारत एक्सपो 2026 का सफल समापन, सी.बी.सी. की प्रदर्शनी रही आकर्षण का केंद्र*
*तीन दिनों तक विद्यार्थियों एवं आमजनों को दी गई सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण की योजनाओं और विकसित भारत @2047 की जानकारी*
*इंदौर*। लाभगंगा परिसर, इंदौर में आयोजित तीन दिवसीय *विकसित भारत एक्सपो 2026* का शुक्रवार को समापन हुआ। भारत सरकार, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के *केंद्रीय संचार ब्यूरो (CBC) इंदौर* द्वारा एक्सपो में *‘विकसित भारत का अमृत काल एवं सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 साल’* विषय पर विशेष चित्र एवं मल्टीमीडिया प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं एवं आम नागरिकों को केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों एवं पहलों की जानकारी देने के साथ ही *विकसित भारत @2047* के लक्ष्य से जोड़ने का प्रयास किया गया।
इंदौर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री शंकर लालवानी के मार्गदर्शन में आयोजित इस एक्सपो में एपीडा (APEDA), आईसीएमआर (ICMR), इसरो (ISRO), भारतीय मानक ब्यूरो (BIS), सीएसआईआर (CSIR), ट्राइफेड (TRIFED), परमाणु ऊर्जा विभाग (DAE), एनबीसीसी (NBCC), केंद्रीय संचार ब्यूरो (CBC), सिपेट (CIPET) तथा खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग (KVIC) सहित विभिन्न सरकारी विभागों एवं संस्थानों ने सहभागिता की। सभी संस्थानों ने अपने कार्यों, उपलब्धियों, योजनाओं, नवाचारों एवं जनहितकारी पहलों को प्रदर्शित किया।
*CBC की प्रदर्शनी से विद्यार्थियों और आमजनों को मिली जानकारी*
केंद्रीय संचार ब्यूरो इंदौर की चित्र एवं मल्टीमीडिया प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों तथा आम नागरिकों ने पहुंचकर भारत सरकार द्वारा पिछले 12 वर्षों में *सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण* के क्षेत्र में किए गए कार्यों एवं संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। प्रदर्शनी में विकास के विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित उपलब्धियों को चित्रों, सूचना सामग्री एवं मल्टीमीडिया माध्यमों के जरिए सरल एवं प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया गया।
आगंतुकों को *विकसित भारत @2047* के विजन तथा इसे साकार करने के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में भी जानकारी दी गई। विद्यार्थियों और युवाओं को विशेष रूप से देश की विकास यात्रा में उनकी भूमिका, नागरिक सहभागिता तथा भविष्य के भारत के निर्माण से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई गई।
*गीत एवं नाटक के माध्यम से दिया विकसित भारत का संदेश*
केंद्रीय संचार ब्यूरो भोपाल से अनुबंधित विभिन्न गीत एवं नाटक दलों ने भी तीनों दिनों तक एक्सपो परिसर में अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजागरूकता का संदेश दिया। मालव नाट्य माच मंडली, उज्जैन; दीप ज्योति युवा संगीत कला मंडल, देवास; मालव प्रेम नाट्य कला केंद्र, उज्जैन तथा अन्हड़ लोक कला सांस्कृतिक शैक्षणिक, उज्जैन के कलाकारों ने गीत, नाटक एवं लोक प्रस्तुतियों के माध्यम से विकसित भारत के लक्ष्य, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा नागरिक सहभागिता का संदेश आमजन तक पहुंचाया।
इन प्रस्तुतियों ने एक्सपो में आने वाले विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों का ध्यान आकर्षित किया और सरकारी योजनाओं एवं विकास के संदेश को मनोरंजक तथा प्रभावी तरीके से जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
*प्रश्नमंच में विद्यार्थियों ने उत्साह से लिया भाग*
समापन दिवस पर केंद्रीय संचार ब्यूरो इंदौर के प्रचार अधिकारी शाकिर मंसूरी ने विद्यार्थियों के लिए आकर्षक प्रश्नमंच प्रतियोगिता आयोजित की। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए भारत सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों, विकसित भारत के विजन तथा सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्नों के उत्तर दिए। प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को केंद्रीय संचार ब्यूरो की ओर से पुरस्कृत किया गया।
समापन दिवस पर भोपाल से आए विभागीय कलाकार एवं गायक श्री रितेश मिश्रा की आकर्षक संगीतमय प्रस्तुतियां भी उपस्थित जनसमूह के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। उनकी प्रस्तुतियों ने एक्सपो के अंतिम दिन माहौल को और अधिक जीवंत बना दिया।
*विभिन्न विभागों की सहभागिता को किया गया सम्मानित*
समापन समारोह में *इंदौर के विधायक श्री महेंद्र हार्डिया* मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने एक्सपो का अवलोकन कर विभिन्न सहभागी संस्थानों के प्रतिनिधियों से संवाद किया। उन्होंने जनजागरूकता, ज्ञान के प्रसार तथा नागरिक सहभागिता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
समापन अवसर पर एक्सपो में सहभागी सभी सरकारी विभागों एवं संस्थानों को उनकी सहभागिता एवं योगदान के लिए स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। एक्सपो में प्रदर्शित जानकारी की दृश्यता, जनसहभागिता तथा आगंतुकों को उपलब्ध कराई गई जानकारी एवं ज्ञान की गुणवत्ता के आधार पर परमाणु ऊर्जा विभाग (DAE) को विजेता घोषित किया गया। आईसीएमआर (ICMR) प्रथम उपविजेता तथा इसरो (ISRO) द्वितीय उपविजेता रहे। कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम संचालिका सुश्री आशी पाटीदार ने सभी विभागों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया ।
तीनों दिनों के दौरान लाभगंगा परिसर में युवाओं, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली। केंद्रीय संचार ब्यूरो इंदौर की प्रदर्शनी, जनजागरूकता गतिविधियों, गीत-नाटक प्रस्तुतियों एवं प्रश्नमंच प्रतियोगिता ने एक्सपो को सूचना, संवाद एवं जनसहभागिता का प्रभावी माध्यम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विकसित भारत एक्सपो 2026 के माध्यम से विभिन्न सरकारी विभागों की योजनाओं एवं उपलब्धियों को एक ही मंच पर आमजन तक पहुंचाने के साथ युवाओं और विद्यार्थियों को देश की विकास यात्रा से जोड़ने का प्रयास किया गया। केंद्रीय संचार ब्यूरो इंदौर की तीन दिवसीय सहभागिता ने सूचना एवं जनजागरूकता के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को जनभागीदारी से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


