संविधान लोकतंत्र की आधारशिला, विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता : हरदीप सिंह पुरी
संविधान लोकतंत्र की आधारशिला, विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता : हरदीप सिंह पुरी
महिला-केंद्रित विकास से महिला-नेतृत्व वाले विकास की ओर बढ़ रहा है भारत
संविधान दिवस पर देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों से रूबरू हुए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी
ऊर्जा सुरक्षा, स्वच्छ ईंधन और आत्मनिर्भरता भारत की विकास यात्रा के महत्वपूर्ण आधार : केंद्रीय मंत्री
प्रधानमंत्री आवास योजना और उज्ज्वला योजना ने महिलाओं के जीवन में लाया सकारात्मक बदलाव : हरदीप सिंह पुरी
केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने संविधान दिवस के अवसर पर इंदौर स्थित देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों से संवाद किया। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् के गायन के साथ हुआ। इस अवसर पर सांसद शंकर लालवानी, विधायक राकेश गोलू शुक्ला, विश्वविद्यालय के कुलपति राकेश सिंघाई, कुलसचिव डॉ. प्रज्वल खरे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्राध्यापक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।
केंद्रीय मंत्री पुरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संविधान लोकतंत्र की आधारशिला है। लोकतांत्रिक व्यवस्था का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के अधिकारों की रक्षा करना और विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। संविधान हमें अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों और दायित्वों का भी बोध कराता है। युवा पीढ़ी को संविधान के मूल्यों को समझते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान 26 नवंबर 1949 को अंगीकृत किया गया था और 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ। यह देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, नागरिक स्वतंत्रता, सामाजिक समरसता और समान अवसरों का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान के मूल सिद्धांतों और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
विद्यार्थियों के साथ संवाद के दौरान केंद्रीय मंत्री ने संविधान, लोकतंत्र, आर्थिक विकास, महिला सशक्तिकरण, ऊर्जा सुरक्षा और देश की विकास यात्रा से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रश्नों के उत्तर देते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
विद्यार्थियों से संवाद कार्यक्रम के बाद केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मीडिया प्रतिनिधियों के साथ पत्रकार वार्ता की। इस दौरान उन्होंने ऊर्जा सुरक्षा, एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था, स्वच्छ ईंधन, इथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम, पेट्रोलियम क्षेत्र में तकनीकी विकास और तेल एवं प्राकृतिक गैस के घरेलू उत्पादन से जुड़े विषयों पर जानकारी दी तथा पत्रकारों के प्रश्नों के उत्तर दिए।
देवी अहिल्याबाई होलकर का जीवन आज भी प्रेरणास्रोत
केंद्रीय मंत्री ने लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर के योगदान को याद करते हुए कहा कि वे पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने महिला शिक्षा और समाज के उत्थान के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। पुरी ने अपने परिवार से जुड़ा प्रसंग साझा करते हुए बताया कि उनकी सास मालती बाई और उनकी बड़ी बहन ने लगभग एक शताब्दी पूर्व इंदौर के अहिल्या आश्रम में शिक्षा प्राप्त की थी। उस समय सामाजिक परिस्थितियों के बावजूद उनके पिता ने बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता दी। बाद में दोनों बहनों ने मुंबई विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा हासिल की। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होलकर की महिला शिक्षा और समाज कल्याण के प्रति सोच आज भी प्रासंगिक है।
भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है
पुरी ने कहा कि वर्ष 2014 में भारतीय अर्थव्यवस्था का आकार लगभग 2 ट्रिलियन डॉलर था, जो अब बढ़कर 4 ट्रिलियन डॉलर से अधिक हो गया है। भारत विश्व की तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। बुनियादी ढांचे का विस्तार, जनकल्याणकारी योजनाएं और विभिन्न क्षेत्रों में विकास देश की प्रगति को नई गति दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवा देश की विकास यात्रा के महत्वपूर्ण भागीदार हैं और उनकी प्रतिभा, नवाचार तथा ऊर्जा विकसित भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाएंगे।
आवास और उज्ज्वला योजना से महिलाओं के जीवन में बदलाव
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से करोड़ों जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं। योजना में महिलाओं को घर के स्वामित्व में प्राथमिकता देना महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक स्थिरता मिलती है।
उन्होंने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2014 में देश में लगभग 14 करोड़ एलपीजी कनेक्शन थे, जिनकी संख्या अब बढ़कर लगभग 33.50 करोड़ हो गई है। उज्ज्वला योजना के माध्यम से करोड़ों परिवारों तक स्वच्छ रसोई ईंधन पहुंचा है। इससे महिलाओं को रसोई के धुएं से होने वाली परेशानियों से राहत मिली है और उनके स्वास्थ्य तथा जीवन स्तर में सुधार हुआ है।
स्वच्छ ईंधन और ऊर्जा सुरक्षा पर विशेष जोर
पुरी ने बताया कि देश में पाइप्ड प्राकृतिक गैस (पीएनजी) नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है। वर्ष 2014 में गैस पाइपलाइन नेटवर्क लगभग 14 हजार किलोमीटर था, जो अब बढ़कर लगभग 25 हजार किलोमीटर हो गया है। वर्ष 2030 तक इसे लगभग 33 हजार किलोमीटर तक पहुंचाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि पीएनजी उपभोक्ताओं को स्वच्छ और सुविधाजनक ईंधन उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों और ऊर्जा आपूर्ति से जुड़ी चुनौतियों के बीच भारत अपनी ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करने के लिए घरेलू उत्पादन बढ़ाने, ऊर्जा स्रोतों में विविधता लाने और आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने पर काम कर रहा है। एलपीजी का घरेलू उत्पादन बढ़ाने और उपभोक्ताओं तक नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
इथेनॉल मिश्रण से किसानों को लाभ और विदेशी मुद्रा की बचत
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम से देश को कई लाभ हुए हैं। वर्ष 2014 में पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण लगभग 1.4 प्रतिशत था, जो अब बढ़कर 20 प्रतिशत तक पहुंच गया है। इससे कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम करने, विदेशी मुद्रा बचाने, पर्यावरण संरक्षण और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिली है।
उन्होंने बताया कि इथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम से लगभग 1.90 लाख करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा की बचत हुई है और किसानों को लगभग 1.40 लाख करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। इससे कृषि क्षेत्र को नए अवसर मिले हैं और किसानों को लाभ हुआ है।
महिला-केंद्रित विकास से महिला-नेतृत्व वाले विकास की ओर बढ़ रहा भारत
पुरी ने कहा कि भारत अब महिला-केंद्रित विकास से महिला-नेतृत्व वाले विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना में महिलाओं को घर का स्वामित्व देने, उज्ज्वला योजना के माध्यम से स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराने तथा शिक्षा, रोजगार और उद्यमिता के अवसर बढ़ाने जैसे प्रयास महिला सशक्तिकरण को मजबूती दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की बढ़ती भागीदारी देश की अर्थव्यवस्था और सामाजिक विकास को नई गति प्रदान करेगी।
विद्यार्थियों से किया संवाद
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने विद्यार्थियों के प्रश्नों के उत्तर दिए। विद्यार्थियों ने संविधान, लोकतंत्र, आर्थिक विकास, सामाजिक समरसता, पर्यावरण और ऊर्जा सुरक्षा जैसे विषयों पर सवाल पूछे। पुरी ने उन्हें तथ्यों के आधार पर विषयों का अध्ययन करने और देश की उपलब्धियों तथा चुनौतियों को व्यापक दृष्टिकोण से समझने की सलाह दी।
पर्यावरण से जुड़े प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाना आवश्यक है। भारत सौर ऊर्जा, पवन ऊर्जा, हरित हाइड्रोजन और जैव ईंधन जैसे स्वच्छ ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा दे रहा है। उन्होंने कहा कि देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के साथ स्वच्छ ऊर्जा की ओर आगे बढ़ना भी जरूरी है।
विद्यार्थियों से संवाद के बाद केंद्रीय मंत्री ने पत्रकार वार्ता में मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत की। उन्होंने देश की ऊर्जा सुरक्षा, एलपीजी आपूर्ति, स्वच्छ ईंधन, इथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम और पेट्रोलियम क्षेत्र में तकनीकी विकास से जुड़े विषयों पर जानकारी दी।
पुरी ने कहा कि पेट्रोलियम क्षेत्र में स्वचालन और आधुनिक तकनीक का उपयोग बढ़ रहा है। पाइपलाइन सुरक्षा, रिफाइनरी संचालन और अन्य तकनीकी प्रक्रियाओं में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। उन्होंने तेल एवं प्राकृतिक गैस के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए नए क्षेत्रों में अन्वेषण, गहरे समुद्री क्षेत्रों में खोज और निजी क्षेत्र की भागीदारी को प्रोत्साहित करने के प्रयासों का भी उल्लेख किया।
मध्य प्रदेश से अपने जुड़ाव का उल्लेख करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राज्य से राज्यसभा सदस्य के रूप में उनका प्रतिनिधित्व प्रदेश के विकास और जनहित के कार्यों में योगदान देने का अवसर है। उन्होंने इंदौर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक पहचान की सराहना करते हुए कहा कि देवी अहिल्याबाई होलकर की धरती से जुड़ना उनके लिए गौरव का विषय है


