*इंदौर में जैन प्रतिष्ठा महोत्सव:* मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया संबोधन, *अहिंसा और संस्कारों की परंपरा को बताया राष्ट्र की शक्ति*
इंदौर (प्रदीप जैन) । इंदौर के तिलक नगर स्थित श्री राजेंद्रसूरी आराधना भवन में आयोजित भव्य जैन प्रतिष्ठा महोत्सव में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सहभागिता करते हुए श्रद्धालुओं को संबोधित किया। उनके आगमन से आयोजन में उत्साह और गरिमा का वातावरण और अधिक बढ़ गया।
यह प्रतिष्ठा महोत्सव गच्छाधिपति आचार्य श्री परम पूज्य आचार्य श्रीमद् विजय ऋषभचंद्रसूरीश्वरजी म.सा. की पाट परंपरा पर विराजमान आचार्य श्री हितेशचन्द्रसूरीश्वरजी म.सा. ( मोहनखेड़ा ) आदि ठाणा की मंगल निश्रा में संपन्न हुआ। उनके पावन सान्निध्य एवं आशीर्वचनों से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत रहा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने उद्बोधन में जैन धर्म की मूल शिक्षाओं—अहिंसा, सत्य, तप, संयम और सेवा—की सराहना करते हुए कहा कि ये सिद्धांत न केवल व्यक्ति के जीवन को श्रेष्ठ बनाते हैं, बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि जैन समाज ने हमेशा से देश के आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विकास में अग्रणी योगदान दिया है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि उन्हें अल्प समय में ही आचार्य श्री हितेशचन्द्रसूरीश्वरजी म.सा. का दूसरी बार आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य मिला है। उन्होंने बताया कि अक्षय तृतीया के अवसर पर वे मोहनखेड़ा तीर्थ में आचार्य श्री के दर्शन कर चुके हैं और आज पुनः मां अहिल्या की पावन नगरी इंदौर में उनका सान्निध्य प्राप्त हुआ। उन्होंने भाव व्यक्त करते हुए कहा कि “मोहनखेड़ा” नाम से उनका विशेष लगाव है और उनकी गहरी आस्था इससे जुड़ी हुई है। मुख्यमंत्री ने समाजजनों से आग्रह किया कि वे इस प्रकार के आयोजन निरंतर करते रहें और उन्होंने भविष्य में भी अपनी सहभागिता का विश्वास दिलाया।
मुख्यमंत्री ने आयोजन की भव्यता और अनुशासित व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए आयोजक मंडल को बधाई दी और कहा कि इस प्रकार के महोत्सव समाज में आध्यात्मिक चेतना को जागृत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और उन्नति की कामना भी की।
इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी मेघराज जी जैन, मैनेजिंग ट्रस्टी सुजानमल सेठ, श्री राजेंद्रसूरी आराधना भवन के अध्यक्ष श्री प्रेमकमलजी बागरेचा एवं प्रतिष्ठा महोत्सव समिति के अध्यक्ष संजय मोदी, अनूप कटारिया सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का कुशल संचालन सौरभ चोपड़ा द्वारा किया गया। कार्यक्रम में शहर सहित प्रदेशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। भक्ति, श्रद्धा और उत्साह से परिपूर्ण इस महोत्सव में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, पूजन के साथ रात्रि में भक्ति संध्या का आयोजन किया गया। इस दौरान जयपुर से पधारे भजन गायक राजीव विजयवर्गीय एवं इंदौर के भजन गायक देवेश जैन ने अपनी प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भक्तगण भजनों पर झूमते नजर आए और पूरा वातावरण भक्ति रस में डूब गया।
समापन अवसर पर आयोजकों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और सभी अतिथियों का सम्मान कर कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न किया।