चिकित्सा शिक्षा का मूल मंत्र हो सेवा, संवेदना और सामाजिक दायित्व

चिकित्सा शिक्षा का मूल मंत्र हो सेवा, संवेदना और सामाजिक दायित्व

चिकित्सा शिक्षा का मूल मंत्र हो सेवा, संवेदना और सामाजिक दायित्व

चिकित्सा शिक्षा का उद्देश्य समाज के प्रति सेवा और जिम्मेदारी की भावना होना भी जरूरी 

मरीजों के भरोसे पर खरा उतरने की जिम्मेदारी निभाएं भावी डॉक्टर

इंडेक्स इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंसेस में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का दीक्षारंभ समारोह आयोजित 

इंदौर। डॉक्टर बनना केवल डिग्री हासिल करने का सफर नहीं, बल्कि एक ऐसी जिम्मेदारी की शुरुआत है, जिसमें मरीज का भरोसा सबसे बड़ी पूंजी होता है। चिकित्सा शिक्षा के पहले दिन से ही विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ इस जिम्मेदारी को निभाने के लिए खुद को तैयार करना होगा। इसी संदेश के साथ इंडेक्स इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंसेस में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ समारोह आयोजित किया गया। समारोह में व्हाइट कोट सेरेमनी के दौरान नए विद्यार्थियों को उनके शैक्षणिक जीवन के पहले दिन व्हाइट कोट पहनाए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मालवांचल यूनिवर्सिटी के कुलगुरु डॉ. संजीव नारंग ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि डॉक्टर बनने की पहली सीढ़ी से ही मेहनत के साथ अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। अब इस कोट के साथ मेहनत और चुनौतियों के अलावा एक बड़ी जिम्मेदारी संभालने के लिए भी तैयार होना होगा। एक मरीज जब डॉक्टर के पास पहुंचता है तो वह अपने स्वास्थ्य और जीवन से जुड़ी उम्मीदों के साथ उस पर भरोसा करता है। इस भरोसे को बनाए रखना डॉक्टर की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों को पहले दिन से ही स्वयं को इस तरह तैयार करना चाहिए कि भविष्य में हर मरीज उन पर विश्वास कर सके। चिकित्सा के क्षेत्र में ज्ञान और कौशल के साथ संवेदनशीलता तथा मानवीय दृष्टिकोण भी उतना ही महत्वपूर्ण है।मयंक वेलफेयर फाउंडेशन के चेयरमैन सुरेश सिंह भदौरिया और वाइस चेयरमैन मयंकराज सिंह भदौरिया ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। 

अभिभावकों के सपनों को पूरा करने की जिम्मेदारी

संस्थान की डीन डॉ. रौसेया कनपर्ती ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि चिकित्सा शिक्षा का उद्देश्य केवल विशेषज्ञता हासिल करना नहीं, बल्कि समाज के प्रति सेवा और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। किसी भी कॉलेज में दीक्षारंभ समारोह केवल कॉलेज में पहले दिन की शुरुआत नहीं होता, बल्कि यह उस सपने को पूरा करने की दिशा में पहला कदम है, जिसे विद्यार्थी और उनके अभिभावक वर्षों से संजोकर रखते हैं। इस मुकाम तक पहुंचने के लिए अभिभावकों ने कई मुश्किलों का सामना किया है और अनेक त्याग किए हैं। अब विद्यार्थियों को अपनी मेहनत और लगन से उनके इस विश्वास पर खरा उतरना है। उन्होंने अभिभावकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि अब विद्यार्थियों के करियर और उनके बेहतर भविष्य की जिम्मेदारी संस्थान की है। हमारा प्रयास रहेगा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ एक बेहतर चिकित्सक और संवेदनशील इंसान बनने के लिए तैयार किया जाए। । इस अवसर पर मालवांचल यूनिवर्सिटी और इंडेक्स समूह के विभिन्न संस्थानों के डीन, अधिकारी, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण, विद्यार्थी और उनके अभिभावक उपस्थित रहे।