सेवासदन महाविद्यालय के मैनेजमेंट विद्यार्थियों ने ‘सिनर्जीया’ के माध्यम से दिव्यांग विद्यार्थियों की सहायता के लिए बढ़ाए हाथ
सेवासदन महाविद्यालय के मैनेजमेंट विद्यार्थियों ने ‘सिनर्जीया’ के माध्यम से दिव्यांग विद्यार्थियों की सहायता के लिए बढ़ाए हाथ
बुरहानपुर। सेवासदन महाविद्यालय के मैनेजमेंट विभाग द्वारा सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए जायन्ट्स चेरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित मूक-बधिर एवं दृष्टिबाधित विद्यालय, रास्तीपुरा में ‘सिनर्जीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना था।
‘सिनर्जीया’ की शुरुआत लगभग पंद्रह वर्ष पूर्व स्वर्गीय ठाकुर वीरेंद्रसिंह, पूर्व अध्यक्ष सेवासदन शिक्षा समिति द्वारा जायन्ट्स चेरिटेबल ट्रस्ट के माध्यम से की गई थी। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए सेवासदन महाविद्यालय के मैनेजमेंट विभाग के विद्यार्थियों ने लगातार 16वें वर्ष इस कार्यक्रम का आयोजन कर सामाजिक उत्तरदायित्व की मिसाल प्रस्तुत की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवासदन शिक्षा समिति की अध्यक्ष श्रीमती तारिकासिंहजी ठाकुर ने की। इस अवसर पर समिति सचिव के.डी. पटेल, सहसचिव सतीश अग्रवाल, आदित्यवीरसिंह ठाकुर, देवेश्वर ठकुर, महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. एस.एम. शकील एवं जायन्ट्स चेरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष कैलाश अग्रवाल, सचिव महेंद्र जैन, कोषाध्यक्ष सुनील कक्कड़, तथा श्रीमती वर्षा महाजन उपस्थित रहे।
मैनेजमेंट विभागाध्यक्ष डॉ. शिवानी मेहरा ने बताया कि इस वर्ष महाविद्यालय के स्टाफ एवं समजासेवियों के सहयोग से सहायता राशि एकत्रित की गई। इसके माध्यम से विद्यालय को आवश्यकता के अनुरूप आधुनिक सुविधायुक्त कम्प्यूटर, स्पोर्ट्स किट एवं खाद्य सामग्री वितरित की गई। इन संसाधनों का उद्देश्य विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएँ उपलब्ध कराना तथा उनके शारीरिक, बौद्धिक और सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना है।
इस अवसर पर श्रीमती तारिकासिंहजी ठाकुर ने मूकबधिर विद्यालय में कार्यरत शिक्षकों के मानदेय को लेकर चिंता व्यक्त की तथा समाजसेवी संस्थाओं और नागरिकों से इस दिशा में आगे आकर सहयोग करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों में उत्साह, संवेदनशीलता और सेवा भावना के संचार के साथ हुआ। संपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन मैनेजमेंट विभागाध्यक्ष डॉ. शिवानी मेहरा, डॉ. धनराज पाटील, प्रो. शैलेन्द्र सिकरवार, डॉ. सुनील दीक्षित, प्रो. संजय महाजन, प्रो. सिद्धी कानूगो एवं प्रो. कोमल जुमडे के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर मैनेजमेंट विभाग के बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
‘सिनर्जीया’ कार्यक्रम ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल ज्ञानार्जन नहीं, बल्कि समाज के वंचित एवं विशेष आवश्यकता वाले वर्गों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना और उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना भी है। कार्यक्रम का संचालन महेंद्र जैन ने किया एवं आभार सुनील कक्कड ने व्यक्त किया।
........000.......


