सत्य, सनातन और स्वाभिमान की रक्षा के लिए उज्जैन से अयोध्या तक निकलेगी यात्रा, 20 अक्टूबर को होगा शुभारंभ

सत्य, सनातन और स्वाभिमान की रक्षा के लिए उज्जैन से अयोध्या तक निकलेगी यात्रा, 20 अक्टूबर को होगा शुभारंभ

सत्य, सनातन और स्वाभिमान की रक्षा के लिए उज्जैन से अयोध्या तक निकलेगी यात्रा, 20 अक्टूबर को होगा शुभारंभ

उज्जैन से अयोध्या-ओरछा तक मंदिरों में कथित चंदा चोरी और आस्था के व्यावसायिकरण के खिलाफ पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में होगी जन- जागरण यात्रा।

उज्जैन/भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में सत्य, सनातन और स्वाभिमान की रक्षा के लिए एक विशेष यात्रा का शंखनाद होने जा रहा है। उज्जैन के पवित्र शिवधाम से शुरू होकर ओरछा के रामधाम होते हुए उत्तर प्रदेश के अयोध्या रामधाम तक जाने वाली इस 'सत्य स्वाभिमान यात्रा' का भव्य शुभारंभ आगामी 20 अक्टूबर यानी दशहरा की सुबह उज्जैन से किया जाएगा।

मध्य प्रदेश के पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल ने यह महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि यात्रा के आयोजकों और समर्थकों ने देशवासियों, मालवांचल के नागरिकों तथा मध्य प्रदेश के कोने-कोने से आने वाले सभी राम भक्तों और देशप्रेमियों से अपील की है कि वे इस ऐतिहासिक यात्रा के शुभारंभ अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इसे सफल बनाएं।

मंदिरों में कथित चंदा चोरी के खिलाफ कड़ा संदेश...

इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य धार्मिक स्थलों पर होने वाली कथित वित्तीय अनियमितताओं और चंदा चोरी के मामलों के खिलाफ मुखर विरोध दर्ज कराना है। पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल ने कड़े शब्दों में यह बात पूरी तरह स्पष्ट की कि उज्जैन स्थित महाकाल बाबा के मंदिर, ओरछा के राम मंदिर और अयोध्या समेत देश के तमाम अन्य प्रतिष्ठित मंदिरों के नाम पर चंदा चोरी की गई है, जिससे सनातन आस्था को आघात पहुँचा है। सत्यनारायण पटेल ने आगे कहा कि इस यात्रा के माध्यम से देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह कड़ा संदेश जाना चाहिए कि "चोरों के लिए समाज में कोई स्थान नहीं है।" धर्म और आस्था को बेचने वालों के खिलाफ अब सभी देशवासियों को एकजुट होकर इस मुहिम को मजबूत करना होगा।