क्रिकेट के मैदान पर गूंजा युवाओं का जोश, छात्रों की गूंज क्रिकेट लीग का आयोजन
क्रिकेट के मैदान पर गूंजा युवाओं का जोश, छात्रों की गूंज क्रिकेट लीग का आयोजन
बी3 टर्फ पर भारतीय युवा कांग्रेस की पहल, बड़ी संख्या में छात्रों ने लिया हिस्सा; विजेता को 5100 और उपविजेता को 2100 रुपए का पुरस्कार
इंदौर। युवाओं को खेलों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से भारतीय युवा कांग्रेस द्वारा इंदौर में ‘छात्रों की गूंज क्रिकेट लीग’ का आयोजन किया गया। 13 सितंबर को एबी रोड स्थित बी3 टर्फ पर आयोजित इस क्रिकेट टूर्नामेंट में बड़ी संख्या में छात्रों और युवा खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
टूर्नामेंट का आयोजन टीम शम्भावी शुक्ला, आईवाईसी द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने पूरे जोश और खेल भावना के साथ मैदान पर अपना दमखम दिखाया। आयोजन का मुख्य संदेश “खेल युवाओं को सशक्त बनाता है, बेहतर कल के लिए खेलें” रहा।
कार्यक्रम में विपिन वानखेड़े, शिवी सिंह चौहान, यश घंगोरिया, चेतन चौधरी और जयंत सिकरवार सहित अतिथियों की उपस्थिति रही। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।
छात्रों के लिए नि:शुल्क पंजीयन
प्रतियोगिता की खास बात यह रही कि छात्रों के लिए पंजीयन पूरी तरह नि:शुल्क रखा गया। प्रतियोगिता के विजेता को 5100 रुपए तथा उपविजेता टीम को 2100 रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। पुरस्कारों ने खिलाड़ियों के उत्साह को और बढ़ाया।
आयोजकों ने कहा कि इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ उनमें टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करना है। क्रिकेट जैसे टीम खेल युवाओं को आपसी सहयोग, जिम्मेदारी और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं। भारतीय युवा कांग्रेस की ओर से भविष्य में भी युवाओं के लिए खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की बात कही गई।


