मराठी स्वाद और संस्कृति का संगम होगा जत्रा, 45 फूड स्टॉल पर महकेंगे पारंपरिक व्यंजन शुक्रवार से पोद्दार प्लाजा में
मराठी स्वाद और संस्कृति का संगम होगा जत्रा, 45 फूड स्टॉल पर महकेंगे पारंपरिक व्यंजन
शुक्रवार से पोद्दार प्लाजा में तीन दिन सजेगा मेला, 35 से अधिक कलाकार देंगे लावणी की प्रस्तुति
इंदौर। मराठी व्यंजनों के जायके, पारंपरिक संस्कृति और रंगारंग प्रस्तुतियों से सजेगा एमडीएच प्रेजेंट्स जत्रा-मेगा ट्रेड फेयर एवं मराठी फूड फेस्टिवल शुक्रवार, 30 अक्टूबर से शुरू होगा। मराठी सोशल ग्रुप ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस तीन दिवसीय मेले का यह 26वां संस्करण है। गांधी हॉल स्थित पोद्दार प्लाजा में 1 नवंबर तक चलने वाले जत्रा में रंग-बिरंगे फूड स्टॉल, हस्तशिल्प की आकर्षक सामग्री और महाराष्ट्र की पारंपरिक लावणी नृत्य की प्रस्तुतियां प्रमुख आकर्षण रहेंगी।
संस्था के सुधीर दांडेकर एवं राजेश शाह ने बताया कि जत्रा प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से रात 11 बजे तक आयोजित होगा। शुक्रवार को होने वाले शुभारंभ में हॉप टेक्सटाइल्स लिमिटेड के सी ई ओ श्री कांतिलाल बम, नाना महाराज संस्थान के प्रमुख डॉ बाबा साहेब तराणेकर, झोंन अध्यक्ष श्री गजानंद गावड़े, सुरेश टाकळकर के कर कमलों द्वारा ओपचारिक उद्घाटन होगा। सहित अन्य अतिथि शामिल होंगे।इस वर्ष भी आयोजन को जीरो वेस्ट रखने की तैयारी की गई है।
श्रीमती तृप्ति महाजन एवं सुमेधा बावकर ने बताया कि जत्रा में इस बार मराठी व्यंजनों के करीब 45 फूड स्टॉल लगाए जाएंगे। पूरे परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। फूड जोन की खासियत यह है कि यहां के सभी स्टॉल गृहिणियों को दिए गए हैं और उनका संचालन भी महिलाएं ही करेंगी। इसका उद्देश्य घरों में बनने वाले पारंपरिक और विशुद्ध मराठी स्वाद को लोगों तक पहुंचाना है।
संकेता देशकुलकर्णी एवं सुप्रिया पुंडलिक ने बताया कि हैंडीक्राफ्ट जोन में हस्तशिल्प, हस्तकरघा और घर में उपयोग आने वाली विभिन्न वस्तुओं के स्टॉल लगाए जाएंगे। इस बार लघु उद्यमियों के 26 स्टॉल रहेंगे। दिवाली को ध्यान में रखते हुए विशेष सजावटी और उपयोगी सामग्री भी तैयार की गई है, जो मेले में आकर्षण का केंद्र रहेगी।
संस्था के हर्षवर्धन लिखिते ने बताया कि जत्रा में महाराष्ट्र के प्रख्यात कलाकार लावणी नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देंगे। 35 से अधिक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को महाराष्ट्र की लोकसंस्कृति से रूबरू कराएंगे। तीनों दिन लावणी की रंगारंग प्रस्तुतियां होंगी।
दर्शन जागीरदार ने बताया कि मेले में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए दोपहिया और चारपहिया वाहनों की पार्किंग व्यवस्था भी की गई है।


